नई दिल्ली। महात्मा गांधी का मानना था कि साफ-सफाई भगवान की भक्ति के बराबर है, इसलिए उन्होंने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने की शिक्षा दी। उन्होंने स्वच्छ भारत का सपना देखा, वह चाहते थे कि भारत के सभी नागरिक एक साथ आएं और देश को स्वच्छ बनाने में अपना श्रमदान करें। 2014 से पीएम मोदी, महात्मा गांधी का वही सपना पूरा करने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
आज 1 अक्टूबर, 2023 को यानी महात्मा गांधी की जयंती के एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सर्वव्यापी स्वच्छता अभियान चलाया गया। आज देश के हजारों लोगों ने इस स्वच्छता अभियान में भाग लिया। प्रधानमंत्री की राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान की अपील पर नेताओं से लेकर छात्रों तक, सभी क्षेत्रों के लोगों ने रविवार को एक घंटे के श्रमदान में हिस्सा लिया।
हरियाणा के फिटनेस इन्फ्लुएंसर अंकित बैयानपुरिया के साथ इस स्वच्छता अभियान में पीएम मोदी भी शामिल हुए। उन्होंने खुद झाडू लगाया जिसका वीडियो उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पर शेयर किया है। पीएम मोदी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “आज पूरा देश स्वच्छ भारत अभियान का हिस्सा बन रहा है, तो मैं और अंकित बैयनपुरिया भी इसका हिस्सा बन गए। स्वच्छता के अलावा, इसमें हमने फिटनेस और खुशहाली को भी शामिल किया है। ये सब कुछ स्वच्छ और स्वस्थ भारत के लिए है।
पीएम मोदी ने “मन की बात” कार्यक्रम के लेटेस्ट एपिसोड में 1 अक्टूबर को सभी नागरिकों से “स्वच्छता के लिए एक घंटे का श्रमदान” करने की अपील की थी। पीएम ने कहा था कि यह महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर उनके लिए “स्वच्छांजलि” होगी।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने 51,000 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, रोजगार मेले में अब तक 6 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

