ट्रें​डिंगदेश

मुंबई एयरपोर्ट पर रनवे पर झटके के साथ गिरा विमान, 2 हिस्सों में टूटा, लगी आग

नई दिल्ली। गुरुवार यानी 14 सितंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर एक चार्टर्ड प्लेन लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसल कर क्रैश हो गया। दुर्घटना के साथ ही प्लेन दो हिस्सों में टूट गया और उसमें आग लग गई। इस विमान में कुल 8 लोग सवार थे, जिसमें 6 यात्री और 2 क्रू मेंबर थे। ये सभी घायल हुए हैं। इन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। विमान ने विशाखापट्टनम से उड़ान भरी थी।

प्लेन में जेएम बैक्सी कंपनी के मालिक कोटक और उनके परिवार के लोग सवार थे। जेएम बैक्सी कंपनी लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में काम करती है। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने बताया कि प्लेन VSR वेंचर्स का लियरजेट 45 VT-DBL है। ये मुंबई के रनवे 27 पर फिसल गया। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई।

मुंबई में भारी बारिश हो रही है, इसके चलते विजिबिलिटी 700 मीटर रह गई है। इसी वजह से यह घटना हुई। हादसे के बाद मुंबई एयरपोर्ट के दो रनवे बंद किए गए, जिन्हें शाम 6.45 बजे फिर चालू कर दिया गया।

ये प्राइवेट चार्टर्ड विमान कनाडा स्थित बॉम्बार्डियर एविएशन के एक डिवीजन की ओर से निर्मित नौ सीटों वाला सुपर-लाइट बिजनेस जेट है। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रवक्ता की ओर से कहा गया कि ये हादसा शाम को 5 बजकर 2 मिनट पर हुआ। फिलहाल एयरपोर्ट पर और जिस रनवे पर दुर्घटना हुई है वहां सभी गतिविधि सामान्य हैं।