नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान के सीकर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने सीकर में एक जनसभा को भी संबोधित किया। जहां पीएम मोदी ने विपक्षी गठबबंधन के I.N.D.I.A नाम को लेकर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि UPA ने अपने कुकर्मों को छिपाने के लिए इंडिया नाम के लेबल का इस्तेमाल कर रहा है, उन्हें इंडिया की कोई परवाह नहीं है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि UPA के कुकर्म लोगों को याद ना आएं इसलिए इन्होंने अपना नाम ही बदल दिया है। UPA ने नाम बदला है ताकि ये आतंकवाद के सामने घुटने टेकने का अपना पाप छिपा सकें। इन्होंने नाम बदला है ताकि ये कर्जमाफी के नाम पर किसानों से विश्वासघात को छिपा सकें। UPA नाम बदला है ताकि ये गरीबों के साथ किए गए छल-कपट को छिपा सकें। ये इंडिया के नाम के लेबल से ये (UPA) अपने पुराने कारनामों को छुपाना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी गठबंधन के नारे पर तंज कसा, एक बार इन्होंने नारा दिया था Indira is India, India is Indira, और तब देश की जनता ने इन्हें उखाड़ फेंका था। अहंकार से भरे इन लोगों ने फिर वही पाप दोहराया है। ये लोग कह रहे हैं UPA is India, India is UPA. इनका जनता फिर वही हाल करेगी जो पहले किया था।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज राजस्थान के सीकर में एक लाख 25 हजार से अधिक पीएम किसान समृद्धि केंद्रों का लोकार्पण किया, सल्फर-युक्त यूरिया की एक नई किस्म यूरिया गोल्ड का शुभारंभ किया और डिजिटल वाणिज्य के लिए मुक्त नेटवर्क पर एक हजार 600 किसान उत्पादक संगठनों को शामिल किया।
प्रधानमंत्री ने आठ करोड़ 50 लाख से अधिक किसानों को 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 14वीं किस्त भी जारी की। श्री मोदी ने चित्तौड़गढ़, धौलपुर, सिरोही, सीकर और श्री गंगानगर में पांच नए चिकित्सा महाविद्यालयों का उद्घाटन किया और राजस्थान में सात चिकित्सा महाविद्यालयों का शिलान्यास किया। उदयपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, डूंगरपुर जिलों में छह एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों और जोधपुर में केंद्रीय विद्यालय तिवरी का उद्घाटन किया।

