नई दिल्ली। पाकिस्तान से अपने प्यार के लिए अवैध रूप से भारत आई सीमा हैदर के बाद अब राजस्थान के भिवाड़ी में रहने वाली 35 वर्षीय अंजू अपने प्रेमी के लिए पति और बच्चों को छोड़कर भारत से पाकिस्तान पहुंच गई है। मामले को लेकर पाकिस्तान के अपर दीर जिला पुलिस अधिकारी मुश्ताक खान ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
मुश्ताक खान ने बताया कि भारत से पाकिस्तान आई इस महिला के पास तीन महीने का पर्यटक वीजा है। अंजू तीन साल से फेसबुक पर अपर दीर निवासी नसरुल्लाह के रिश्ते में थी। महिला को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है। भारतीय महिला की उम्र 35 साल है जबकि नसरुल्लाह की उम्र 29 साल है। वह खुद यह बात कबूल चुकी है कि नसरुल्लाह से प्यार करती है।
वहीं, डीर जिले के एसपी के मुताबिक 21 अगस्त को अंजू पाकिस्तान से वापस चली जाएगी। महिला की सुरक्षा में पुलिस तैनात की गई है। अंजू ने भी पाकिस्तान से अपना वीडियो जारी करते हुए कहा कि वह जल्द ही भारत वापस लौटेंगी।
अंजू के मामा ने एक वेब पोर्टल से बातचीत में बताया कि अंजू की पढ़ाई यूपी में ही हुई है। अंजू की मां की शादी मध्य प्रदेश के मेहुना में हुई थी और उनके पिता टेलर थे। अंजू के मामा ने धर्म परिवर्तन को लेकर कहा कि उनके परिवार ने ईसाई धर्म अपना लिया था। लड़की की शादी भी ईसाई धर्म में ही हुई है और उन्हें दो बच्चे हैं। बेअी 11 साल की है।

