नई दिल्ली। राजस्थान की कांग्रेस सरकार द्वारा अपनी ही पार्टी के विधायक राजेंद्र गुढ़ा को बर्खास्त कर दिए जाने पर भाजपा लगातार हमलावर है। आज भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पार्टी मुख्यालय नई दिल्ली में एक प्रेस वार्ता की, जिसमें उन्होंने राजेंद्र गुढ़ा द्वारा विधानसभा में लाई गई लाल डायरी पर जमकर तंज कसा। गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राजस्थान सरकार से सवाल किया कि लाल डायरी से कांग्रेस और प्रदेश के मुखिया इतने घबरा क्यों रहे हैं?
गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा, ” कांग्रेस विधायक राजेंद्र गुढ़ा ने विधानसभा पटल पर ये विषय रखा कि अशोक गहलोत सरकार से महिलाओं की सुरक्षा नहीं हो पाई है तो उन्हें मंत्री पद से निकाल दिया गया। मंत्री पद से निकाले जाने के बाद आज श्री राजेंद्र गुढ़ा विधानसभा में एक लाल डायरी लेकर पहुंचे, जिसे लेकर उनका दावा है कि ये डायरी अशोक गहलोत की सरकार गिरा सकती है।”
उन्होंने आगे बताया कि ये लाल डायरी वर्ष 2020 में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता और गहलोत के राजदार के घर इनकम टैक्स की रेड के दौरान बरामद की गई थी। तब श्री राजेंद्र गुढ़ा राजस्थान पुलिस और अपने साथियों के साथ जाकर इनकम टैक्स ऑफिसर से यह लाल डायरी छीन लाए थे। श्री राजेंद्र गुढ़ा के मुताबिक इस लाल डायरी में अशोक गहलोत साहब के कई राज छिपे हैं। इस लाल डायरी का रहस्य जिस दिन खुलेगा, उस दिन राजस्थान में एक बड़ा हंगामा होगा और कई लोगों के राजनीतिक वजूद हमेशा हमेशा के लिए समाप्त हो जाएंगे।
राजस्थान सरकार पर निशाना साधते हुए बोले कि श्री राजेंद्र गुढा ने तो सिर्फ एक डायरी की चर्चा की है लेकिन ठीक से जिस दिन जांच शुरू होगी उस दिन पेपर लीक की जो डायरी निकलेगी वह नीले रंग की होगी। माइनिंग माफिया की डायरी काले या पीले रंग की होगी, नौकरियों में हुए घोटाले की डायरी किसी और रंग की होगी। पता नहीं कितने रंगों की डायरियां होंगी, जिसमें हजारों करोड़ रुपये के घोटालें दफन होंगे।
दरअसल, राजेंद्र गुढ़ा ने शुक्रवार को राजस्थान विधानसभा में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए अपनी ही सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, “यह सच्चाई है कि महिलाओं की सुरक्षा में असफल हो गए। राजस्थान में जिस तरह से अत्यचार बढ़े हैं महिलाओं के ऊपर, मणिपुर के बजाय हमें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।” राजेंद्र गुढ़ा इस बयान के बाद कांग्रेस ने उन्हें मंत्रीपद से बर्खास्त कर दिया।

