नई दिल्ली। बिहार के नालंदा के कुल गांव में एक 3 साल का बच्चा खेलते-खेलते 61 फीट की बोलवेल में गिर गया। जेसीबी से गड्ढा कर बच्चे को निकालने में रेस्क्यू टीम लगातार लगी हुई हैं। वहीं सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची है। ग्रामीणों का कहना है कि बोरवेल से बच्चे के चीखने की आवाज अभी तक आ रही है। बच्चा कुल गांव निवासी डोमन मांझी का 3 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार मांझी है।
बोरवेल के अंदर बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाया जा रहा है ताकि उसे सांस लेने में दिक्कत न हो। उसे खाने के लिए लिक्विड दिया जा रहा है। इस बीच बोरवेल से जो तस्वीरें आई हैं उसमें बच्चा सुरक्षित है लेकिन बच्चे की मां का रो-रो कर बुरा हाल है।
नालंदा के एडीएम ने कृष्णकांत उपाध्याय ने बताया, ‘बोरवेल 160 फीट गहरा है लेकिन वह 61 फीट गड्ढे में फंसा है। कई घंटे से यह रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। मौके पर विभागीय अधिकारी के अलावा स्थानीय प्रशासन भी मौजूद है। बच्चा सीधा गिरा है इस वजह से जीवित है। कुछ घंटे में उसे निकाल लिया जाएगा।’
बच्चे की मां ने बताया, ‘मैं खेत में काम कर रही थी। मेरा बेटा वहीं पर खेल रहा था। मैंने उससे कहा था कि पीछे पीछे आना लेकिन पता नहीं कब वह वहां से इधर-उधर खेलने लगा और अचानक उसका पैर फिसल गया। जिस वजह से वह बोरवेल के अंदर चला गया। मेरे बेटे को बाहर निकाल दीजिए, उसके बिना मैं नहीं रह पाऊंगी।’

